ऊना। जिला ऊना पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। पुलिस विभाग में तैनात तीन अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जबकि दो नए अधिकारियों को ऊना में तैनाती दी गई है। एएसपी संजीव भाटिया का तबादला चंबा में स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो में किया गया है। एएसपी सुरिंदर शर्मा को कुल्लू में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) भेजा गया है। डीएसपी अजय ठाकुर को विजिलेंस शिमला में तैनाती दी गई है। वहीं, अजय कुमार को ऊना का नया एएसपी नियुक्त किया गया है। अजय कुमार इससे पहले सिरमौर में स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो में एएसपी के पद पर तैनात थे। हेमराज को डीएसपी हेडक्वार्टर ऊना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हेमराज इससे पहले कुल्लू एएनटीएफ में डीएसपी के पद पर सेवाएं दे रहे थे। अधिकारियों के तबादलों के बाद ऊना पुलिस की विभिन्न शाखाओं में जिम्मेदारियों में बदलाव होगा। नई तैनातियों के साथ पुलिस प्रशासन के कामकाज में भी बदलाव देखने को मिलेगा।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि उन्हें अधिकारियों के तबादलों को लेकर अभी तक आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं। उनके पास इस संबंध में अनौपचारिक जानकारी पहुंची है। आधिकारिक आदेश मिलने के बाद ही तबादलों की स्थिति स्पष्ट होगी।