मैडी में क्षद्घालुओं को उमड़ा जनसैलाब
- फोटो : Una
अंब (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी मैड़ी होली मेले के दूसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी भरी। मेले में देश भर से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है। इनमें पंजाब, जम्मू, हरियाणा से आनेवाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है।
मेले के लिए पतेहड़ के पास समाधिवाला में विशेष बस अड्डा स्थापित किया गया है। यहां से मैडी के लिए यात्रियों को परमिट शुदा टैक्सी सेवा उपलब्ध करवाई गई है। भारी वाहनों की पार्किंग के लिए ज्वार-लाहड़ की तरफ से वाहनों को भेजा जा रहा है। हल्के वाहनों के लिए नैहरियां से मैड़ी जाने की व्यवस्था है। क्षेत्र के बेरी साहिब, मंजी साहिब, कुज्जासर, चरणगंगा और मंदिर वीर नाहर सिंह जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं की रौनक है। धौलीधार सेवा सोसायाटी के महंत शादीलाल गोस्वामी ने बताया कि मेले के दूसरे दिन लगभग दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर धुने के दर्शन किए।
लाउड स्पीकर का शोर परीक्षाओं पर भारी
मैड़ी होली मेले में आए श्रद्धालुओं के डेरों में लगे स्पीकर विद्यार्थियों और उनके परिजनों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। मैडी में कुज्जासर के आसपास क्षेत्र में लगे स्पीकरों की आवाज खड्ड के पार पतेहड़ में साफ सुनाई दे रही है। क्षेत्र में तंबुओं में बनाए अस्थाई डेरों में दिन-रात तेज भजन कीर्तन के चलते बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। पतेहड़ निवासी संजीव कुमार, धर्मेंद्र नेे बताया कि बोर्ड परीक्षाएं शुरू हैं। ऐसे में स्पीकरों की तेज आवाज विद्यार्थियों के लिए मुसीबत बन गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं का ध्यान रखते हुए लाउड स्पीकर पर प्रतिबंध को सख्ती से सुनिश्चित किया जाए।