रायपुर सहोड़ा में भगवती जागरण में राज हंस, भारती शर्मा के भजनों पर झूमते दिखे दर्शक
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। रायपुर सहोड़ा के रामलीला मैदान में भगवान परशुराम सेवा मंडल के सौजन्य से 10वां विशाल मां भगवती जागरण करवाया गया। जागरण में पठानकोट से आए गायक राजहंस तथा लुधियाना की गायिका भारती शर्मा ने भगवान भोलेनाथ, बाबा बालक नाथ, माता रानी खाटू श्याम के भजन सुना कर दर्शकों को धार्मिकता के रंग में रंग दिया। बसदेहड़ा निवासी गायक राज कुमार भारद्वाज ने तारा रानी की कथा सुनाई। प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां नैना देवी से लाई गई अखंड ज्योति शोभा यात्रा के माध्यम से बैंड बाजे के साथ मैहतपुर मुख्य बाजार, रेलवे रोड से होते हुए रायपुर सहोड़ा के जागरण स्थल पर करीब 9:00 बजे पहुंची। अखंड ज्योति का पूजन करके भवन में स्थापित किया गया। करीब 10:15 बजे राज हंस ने मंच संभाला और कुछ नए तो कुछ पुराने भजनों को सुनाकर दर्शकों को नचाया। सांवरिया हो आजा.. भजन के लेखक एवं मुख्य गायक राज हंस ने अपने कुछ नए तो कई पुराने भजन सुनाए। मध्यरात्रि एक बजे लुधियाना की गायिका भारती शर्मा ने मंच संभाला और गुरु वंदना से शुरुआत की। इसके बाद ..मां मेरी मंदिरा दे बूहे अज खोल दे, रंग चढ़ गया मां दा लाल लाल, जेठ महीना आया दर जाना योगी दे.. इसके बाद शिव भक्तों की फरमाइश पर ..डमरू भोले दा, तीन लोक बिच बजदा भजन सुनाया तो पंडाल में उपस्थित मां के भक्त खुद को झूमने से नहीं रोक पाए। तारा रानी की कथा सुनाने को स्थानीय बसदेहड़ा निवासी गायक राज कुमार भारद्वाज मंच पर हाजिर हुए और अपने अंदाज में तारा रानी की कथा सुनाई। उन्होंने स्थानीय लेखक लाहौरी के लिखे कई पुराने भजन सुनाकर परंपरागत संगीत की एक झलक मां के भक्तों को दिखाई। जागरण में मैहतपुर के थाना प्रभारी एमआर नायक ने भी करीब तीस मिनट तक मां के चरणों में बैठकर हाजिरी लगवाई। 10 वर्ष पूर्व जागरण करवाने की परंपरा की शुरुआत करने वाले दिवंगत अभिषेक लंबड़ को एक मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।