गगरेट (ऊना)। अज्ञात चोरों ने शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात्रि गगरेट कस्बे की करीब पांच दुकानों को निशाना बनाया। इस दौरान चार दुकानों से तो कुछ खास चोरी नहीं हुआ, बल्कि एक दुकान से नकदी सहित अन्य सामान चोर उड़ा ले गए।
चोर इतने शातिर थे कि दुकान पर लगी सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए, जो शनिवार सुबह साथ लगती खड्ड से बरामद हुई। गगरेट पुलिस को इस बारे में मिली शिकायतों के बावजूद देर शाम तक मामला दर्ज नहीं हो पाया।
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से गगरेट कस्बे में चोरों ने ऐसी दहशत फैलाई कि आए दिन किसी न किसी व्यापारिक प्रतिष्ठान को चोर निशाना बना रहे हैं। शुक्रवार-शनिवार मध्य रात्रि भी चोरों ने दौलतपुर रोड पर स्थित दो दुकानों के ताले तोड़ने के प्रयास किए। वहीं, होशियारपुर रोड पर एक दुकान के ताले तोड़ने के साथ शिवबाड़ी के समीप भी एक दुकान के ताले तोड़ डाले। बेशक यहां से चोर कुछ ज्यादा माल उड़ाने में कामयाब नहीं हुए, लेकिन भरवाईं रोड स्थित मंगे दी हट्टी के ताले तोड़कर चोर गल्ले में पड़ी करीब एक लाख रुपये से अधिक की नकदी व लेडीज सूट उड़ा ले गए।
वहीं, चोर अपने साथ दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को भी ले गए। शनिवार सुबह जब दुकानदार दुकानों पर पहुंचे तो शटरों के ताले टूटे देखकर दंग रह गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो मंगे दी हट्टी से चुराई गई डीवीआर दुकान से कुछ दूरी में खड्ड में पड़ी मिली। इसके साथ कुछ लेडीज सूट भी थे।
उधर, दौलतपुर चौक रोड पर जय शंकर कन्फेक्शनरी की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक आपत्तिजनक स्थिति में दुकान के बाहर खड़ा रिकॉर्ड हुआ। गौर हो कि कुछ दिन पहले मंगे दी हट्टी के बाहर से स्कूटी चोरी हो गई थी। इसकी लिखित शिकायत भी गगरेट पुलिस थाना में दी गई थी। बाद में अंब पुलिस ने उक्त स्कूटी भंजाल में बरामद की। स्कूटी उड़ाते भी एक युवक सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हुआ, लेकिन उसे पूछताछ के लिए भी पुलिस थाना नहीं बुलाया गया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह का कहना है कि जितनी फोर्स है, उस लिहाज से गश्त की जा रही है। जहां तक चोरी के मामलों की बात है तो पुलिस चोरों को पकड़ भी रही है। पिछले दिनों ही गगरेट पुलिस ने चोर गिरोह को पकड़ा है। इन मामलों में भी पुलिस गहनता से जांच करेगी।