सुबह शाम की आरती का भी नहीं हो रहा प्रसारण
यू ट्यूब चैनल से जुड़े हैं माता रानी के लाखों भक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। मां चिंतपूर्णी मंदिर के यूट्यूब चैनल पर इन दिनों माता रानी के लाइव दर्शन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इससे घर बैठे दर्शन करने वाले भक्तों में नाराजगी देखने को मिल रही है। सुबह-शाम की आरती का सीधा प्रसारण भी अब नहीं दिखाया जा रहा, जबकि दिन के समय केवल कुछ घंटे ही चैनल चालू रहता है। मंदिर न्यास ने इस चैनल की शुरुआत इस उद्देश्य से की थी कि जो श्रद्धालु मंदिर नहीं पहुंच सकते, वे घर बैठे ही मां चिंतपूर्णी के दर्शन कर सकें। लेकिन अब चैनल का अधिकांश समय बंद रहना भक्तों की भावनाओं को आहत कर रहा है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि मंदिर में लाइव प्रसारण को और बेहतर किया जाएगा तथा अधिक से अधिक एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि चिंतपूर्णी मंदिर का प्रचार-प्रसार देश-विदेश तक हो सके। हिमाचल प्रदेश का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां चिंतपूर्णी मंदिर दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। भक्तों को उम्मीद है कि जल्द ही तकनीकी समस्या का समाधान होगा और वे पुनः घर बैठे लाइव दर्शन व आरती देख पाएंगे।