संवाद न्यूज एजेंसी
बडूही/जोल (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत आने वाली कृषि सहकारी सभा दिलवां में करोड़ों रुपये के घोटाले के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व कठोर कार्रवाई की मांग उठी है। सोमवार को सोसायटी के प्रधान बलविंद्र सिंह ने इस संबंध में एएसपी ऊना संजीव भाटिया को ज्ञापन सौंपा। प्रधान बलविंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व उपप्रधान अर्जुन सिंह निवासी दिलवां और सचिव रिंपी ने मिलकर सभा से करीब 2.91 करोड़ रुपये का गबन किया है। इसको लेकर मई 2025 में अंब थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद 22 जून को दोनों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। इसी बीच आरोपी अर्जुन सिंह ने अग्रिम जमानत के लिए उच्च न्यायालय में अपील दायर की थी, जिसे अदालत ने 23 जुलाई को खारिज कर दिया। इसके बावजूद अभी तक दोनों आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। इस लापरवाही पर सोसायटी प्रधान ने रोष जताते हुए कहा कि अंब पुलिस के रवैये से सभा के खाताधारकों में भारी नाराज़गी है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इस पर एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने कहा कि उन्होंने डीएसपी अंब वसूधा सूद से मामले की जानकारी ली है और पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।