अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के कुठियाड़ी गांव से शातिर सील किए ठेके से शराब चोरी कर ले गए। मामले की शिकायत शराब कारोबारी मदन लाल ने अंब पुलिस से की है। पुलिस ने कारोबारी की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात शातिरों ने कुठियाड़ी में शराब के ठेके की पिछली तरफ से सेंधमारी कर ठेके में रखी शराब की पेटियों पर हाथ साफ कर दिया है। शराब कारोबारी मदन जसवाल ने इस संबंध में पुलिस अंब थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। कोविड 19 कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लॉकडाउन के तहत प्रशासन ने शराब के ठेकों को सील किया है। ऐसे में शातिरों ने खड्ड के पास टीन से बनाई दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
शराब कारोबारी मदन लाल ने बताया कि देर शाम सूचना मिली कि ठेके में चोरी हो गई है। उन्होंने यहां आकर देखा तो खोखानुमा दुकान से टीन उखाड़कर अंदर रखी लाखों की शराब शातिर ले उड़े। डीएसपी अंब मनोज जंवाल का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।