ऊना। हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ संबद्ध सेवाएं परीक्षा (एचपी अलाइड सर्विस) रविवार को जिला के 11 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई। परीक्षा के सुचारू एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सीपीओ संजय सांख्यान, उपनिदेशक उच्च शिक्षा राजेंद्र कौशल और बीडीओ ऊना केएल वर्मा को जिला में बनाए गए परीक्षा केंद्रों के लिए निरीक्षण अधिकारी रहे। हैरत की बात यह रही कि परीक्षा में 50 प्रतिशत से भी कम अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। जानकारी के अनुसार एचपी अलाइड सर्विस परीक्षा के लिए कुल 3173 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने कुल 11 केंद्र बनाए, ताकि व्यवस्था में किसी प्रकार की खामी न आए, लेकिन परीक्षा देने के लिए केंद्रों में मात्र 1445 अभ्यर्थी ही पहुंचे, जबकि 1728 परीक्षा केंद्रों में नहीं पहुंचे। लगभग हर परीक्षा केंद्र में आधे से भी कम अभ्यर्थी पहुंचे। केंद्रों में तैनात अध्यापकों को परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों को बिठाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक सिंगल सेशन में परीक्षा संपन्न हो गई।
वहीं, उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि परीक्षा का आयोजन सुचारू तरीके से हुआ है। निरीक्षण टीमों ने सक्रियता से कार्य किया है। इसी तरह सभी केंद्रों में अध्यापकों के पहरे के बीच परीक्षा हुई।
किस परीक्षा केंद्र में कितने अभ्यर्थी पहुंचे
परीक्षा केंद्रों में राजकीय आईटीआई ऊना (पीर निगाह रोड) में 77 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 123 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार बहडाला स्कूल में 102 परीक्षा देने पहुंचे और 148 नहीं आए। रॉकफोर्ड स्कूल में परीक्षा केंद्र एक में 169 विद्यार्थी आए और 180 नहीं पहुंचे। इसी स्कूल के दूसरे परीक्षा केंद्र में 190 विद्यार्थी नहीं आए और 154 ने परीक्षा दी। बॉयज स्कूल ऊना में 102 अभ्यर्थी नहीं पहुंचे और 98 ने परीक्षा दी। ऊना कॉलेज में 197 परीक्षा केंद्रों में पहुंचे और 203 अनुपस्थित रहे। डीएवी स्कूल विकास नगर ऊना में 158 अभ्यर्थी नहीं आए और 142 ने परीक्षा दी। राजकीय डिग्री कॉलेज कोटला खुर्द में 196 अभ्यर्थी नहीं पहुंचे और 134 ने परीक्षा दी। कन्या स्कूल ऊना में 111 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं आए और मात्र 89 ने परीक्षा दी। एसएसआरवीएम स्कूल ऊना केंद्र एक में 171 अनुपस्थित रहे और 129 ने परीक्षा दी। इसी स्कूल के दूसरे परीक्षा केंद्र में 154 विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे और 146 अनुपस्थित रहे।