बड़ूही (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत बड़ूही के उपरली बड़ूही स्थित चौहान आबादी में तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रवासी इन दिनों भय और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी मंजीत सिंह चौहान ने बताया कि गत रात्रि तेंदुआ रिहायशी क्षेत्र में घुस आया और एक पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया। उन्होंने बताया कि यह घटना आधी रात को हुई, जिससे पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। लोगों ने रात जागकर गुजारी। पशुओं को भी कमरे के अंदर बांधा गया। क्षेत्रवासियों को डर सता रहा है कि कहीं यह तेंदुआ हमारे पशुओं, बच्चों या किसी इंसान को भी नुकसान न पहुंचा दे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग उठाई कि तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। वन विभाग तुरंत कार्रवाई करे ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो। डीएफओ ऊना सुशील राणा ने कहा कि मामला ध्यान में लाया गया है और रिहायशी क्षेत्र में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग को पिंजरा लगाने के आदेश दिए हैं। संवाद