दौलतपुर चौक (ऊना)। भद्रकाली पंचायत के सजोई गांव में पिछले करीब एक सप्ताह से तेंदुए की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। शाम ढलते ही तेंदुआ आबादी के आसपास मंडराने लगता है, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल है।
हालात ऐसे हैं कि लोग अंधेरा होते ही घरों में सिमटने को मजबूर हैं जबकि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण प्रवीन कुमार ने बताया कि तेंदुआ कई बार गांव की आबादी के बेहद नजदीक देखा गया है। अब तक वह दो पालतू पशुओं को अपना शिकार बना चुका है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि गांव में शीघ्र पिंजरा लगाया जाए, ताकि तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा सके। वन खंड अधिकारी सचिन ने बताया कि विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा जल्द ही गांव में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।