उपायुक्त ऊना को जिले में पनप रहे हथियार कल्चर को पूरी तरह नेस्तनाबूद करने के दिए स्पष्ट निर्देश
व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए उपमुख्यमंत्री ने दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम
हरोली खड्ड पर 4 करोड़ की लागत से बने 36 मीटर स्पैन वाले ‘बो-स्ट्रिंग आरसीसी बीम पुल’ का लोकार्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क में भूमि को समतल करने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना को केंद्र सरकार से पर्यावरणीय मंजूरी मिल चुकी है और 350 करोड़ रुपये के टेंडर जारी हो चुके हैं। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री हरोली खड्ड पर 4 करोड़ की लागत से बने 36 मीटर स्पैन वाले ‘बो-स्ट्रिंग आरसीसी बीम पुल’ के लोकार्पण समारोह में जनता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त ऊना को जिले में बढ़ रहे हथियार कल्चर को पूरी तरह समाप्त करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऊना की शांतिप्रिय जनता अमन और भाईचारे के माहौल में जीना चाहती है, इसलिए प्रशासन को सख्त से सख्त कदम उठाने में कोई झिझक नहीं रखनी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फिरौती मांगने वाले, गोलीबारी जैसी घटनाओं में शामिल लोग और अन्य आपराधिक तत्व किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं। व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए उन्होंने जिला में एक सप्ताह के भीतर ठोस परिवर्तन सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की राजनीति विकास, कल्याण और गरीबों की सेवा पर आधारित है। निगरानी तंत्र को मजबूत बनाने के लिए हरोली सहित पूरे जिला में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी वारदात के आरोपियों की तुरंत पहचान कर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत राणा ने विकास कार्यों के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हरोली निर्णायक विकास की ओर बढ़ रहा है।