ऊना। एक फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक की ओर से आठ महिलाओं के जाली हस्ताक्षर कर लोन लेने का मामला प्रकाश में आया है। शातिर ने महिलाओं को 3.87 लाख रुपये की चपत लगाई है। पुलिस ने आरोपी रहीश कुमार (31), निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर नौ अक्तूबर कर पुलिस रिमांड पर लिया है।
जानकारी के अनुसार रहीश कुमार ऊना में स्थित एक फाइनेंस कंपनी में बतौर मैनेजर तैनात है। उनकी कंपनी में आठ महिलाओं ने ऋण लेने के लिए आवेदन किया था। उक्त व्यक्ति ने आठों महिलाओं से आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज ले लिए और उनके हस्ताक्षर भी करवा लिए। इसके बाद जब महिलाएं उनके पास ऋण के बारे में पूछने आई तो उसने उनके आवेदन रद्द होने की बात कही और खुद उनके हस्ताक्षर कर ऋण ले लिया। इससे महिलाओं के खाते में ऋण का पैसा जमा हो गया। जब उक्त महिलाओं ने उक्त मुद्दा उठाया तो कंपनी द्वारा ऑडिट करवाया गया, इसमें मैनेजर की ओर से धोखाधड़ी से ऋण लेने की बात सामने आई है। उधर, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। संवाद