फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: अंब अस्पताल में चार दिन बाद मिल रही क्रस्ना लैब की टेस्ट रिपोर्ट

Wed, 02 Sep 2026 11:59 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
ऊना। नागरिक अस्पताल अंब में क्रस्ना डायग्नोस्टिक्स लैब की जांच रिपोर्ट समय पर नहीं मिलने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में जांच करवाने के बाद मरीजों को रिपोर्ट के लिए करीब चार दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। रिपोर्ट मिलने में देरी के कारण कई मरीजों का उपचार भी समय पर शुरू नहीं हो पा रहा है। इससे मरीजों को बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
विज्ञापन

अस्पताल में चिकित्सक मरीज की बीमारी और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार विभिन्न प्रकार के टेस्ट करवाने की सलाह देते हैं। मरीज अस्पताल में ही जांच के लिए नमूने देते हैं, लेकिन रिपोर्ट कई दिन बाद मिलने के कारण उपचार प्रक्रिया आगे बढ़ाने में दिक्कत आती है। जिन मरीजों का उपचार जांच रिपोर्ट के आधार पर तय किया जाना है, उन्हें रिपोर्ट आने तक इंतजार करना पड़ रहा है। आलम यह है कि अस्पताल में जांच करवाने के बाद यदि रिपोर्ट समय पर उपलब्ध हो जाए तो चिकित्सक बीमारी की स्थिति को देखते हुए जल्द उपचार शुरू कर सकते हैं। लेकिन रिपोर्ट के लिए तीन से चार दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। कई मरीज दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से अस्पताल पहुंचते हैं। ऐसे में रिपोर्ट लेने के लिए दोबारा अस्पताल आना उनके लिए अतिरिक्त परेशानी बन रहा है। इससे समय और आने-जाने का खर्च भी बढ़ रहा है। नागरिक अस्पताल अंब में रोजाना बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग से मामले का संज्ञान लेकर व्यवस्था में सुधार की मांग की है ताकि जांच के बाद उपचार प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। बता दें कि जांच के लिए सैंपल को अंब से ऊना के लिए पहुंचाया जाता है। दूसरी तरफ से ऊना में अंब के अलावा अन्य केंद्रों से भी सैंपल जांच के लिए पहुंचते हैं।
विज्ञापन


इस समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। लैब प्रबंधन से भी इसे लेकर जवाब मांगा जाएगा।
-डॉ. एसके वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें