गगरेट के अम्बोटा गांव में अवैध खैर की लकड़ी बरामद।संवाद
पशुशाला के समीप रखे थे 27 मोच्छे, एक लाख रुपये आंकी कीमत
पंजाब और वन विभाग ऊना सयुंक्त रूप से करेगा मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। वन विभाग की अवैध कटान के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इस कड़ी में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंबोटा वार्ड छह झल्लोवाल ढवाली में अवैध रूप से रखी गई खैर की लकड़ी बरामद की गई है। यह कार्रवाई चार अप्रैल को गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
आरओ राहुल ठाकुर के अनुसार प्रारंभिक जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि जिस एरिया से अवैध रूप से काटे खैर के मोछे बरामद हुए हैं। वह पंजाब सीमा से लगता है। वन विभाग ऊना ने पंजाब के वन विभाग के अधिकारियों को भी संबंधित अवैध कटान के मसले के बारे में अवगत करवा दिया है।
अब आगे पंजाब और ऊना जिला के वन विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से मामले की जांच करेंगे। जांच के बाद ही अवैध कटान मामले का पर्दाफाश होगा। कार्यकारी वन खंड अधिकारी नरेश कुमार और वन रक्षक बलदेव चंद की अगुवाई में की गई। कार्रवाई के दौरान स्थानीय निवासी बलैत अली पुत्र कुर्बान अली के रिहायशी मकान के पीछे बनी पशुशाला की गली से खैर की लकड़ी के 27 मोच्छे बरामद किए गए। बरामद की गई इस वन संपदा की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। तलाशी के दौरान आरोपी लकड़ी काटने या रखने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज अथवा अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। वन विभाग की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना गगरेट में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वन मंडलाधिकारी सुशील राणा का कहना है कि अवैध कटान के खिलाफ विभाग का अभियान निरंतर जारी है। आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं पर भी कोई अवैध कटान कर रहा है। विभाग को सूचना देकर सहयोग करें।