अस्पताल में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को जांचा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर चौक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बुधवार को निरीक्षण कायाकल्प की तीन सदस्यीय टीम ने किया। इस दौरान अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। टीम की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट को स्वास्थ्य निदेशालय शिमला भेजा जाएगा। इसके आधार पर अस्पताल की रैंकिंग निर्धारित की जाएगी। कायाकल्प टीम ने अस्पताल की ओपीडी, वार्ड, प्रयोगशाला, लेबर रूम, अस्पताल परिसर में बनाए गए बोटैनिकल गार्डन आदि की व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। इसके साथ ही टीम ने मरीजों से भी बातचीत की और उनसे यह पूछा कि अस्पताल में उन्हें उचित उपचार और बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। अस्पताल के स्टाफ ने भी निरीक्षण प्रक्रिया में टीम का पूरा सहयोग किया। कायाकल्प टीम में डॉ. अनिल कुमार, डॉ. अश्वनी, डॉ. गरिमा शामिल रहे। डॉ. अनिल ने बताया कि टीम ने दौलतपुर चौक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सात प्रमुख बिंदुओं पर निरीक्षण किया और इन बिंदुओं के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। बताया कि यह निरीक्षण प्रदेश के अस्पतालों की कायाकल्प प्रक्रिया का हिस्सा है। इससे पहले आरएच ऊना और सीएचसी दुलैहड़ का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. संदीप नरूला, डॉ. सुखविंदर सिंह, डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. विनय कुमार , चीफ फार्मासिस्ट आशा रानी, कमल कुमार फार्मासिस्ट, वार्ड सिस्टर सतनाम कौर उपस्थित रहीं।