राजकीय उच्च विद्यालय गुरप्लाह के खिलाडियों का स्वागत करते हुए स्कूल स्टाफ सदस्य।संवाद
टाहलीवाल (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुबोवाल में आयोजित हुए तीन दिवसीय हरोली ब्लॉक के अंडर-14 पुरुष एवं महिला के मुकाबलों में गुरपलाह के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्कूल के महिला वर्ग की कबड्डी, पुरुष वर्ग के वाॅलीबाल में प्रथम एवं कुश्ती प्रतियोगिता में ओवरआल ट्रॉफी पर कब्जा कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम चमकाया है। विद्यालय पहुंचने पर विजेता खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों यादविंदर सिंह, कुश्ती कोच दविंद्र सिंह का विद्यालय प्रशासन द्वारा फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपने प्रशिक्षकों सहित गुरुद्वारा साहिब गुरपलाह में माथा टेका। विद्यालय के मुख्य अध्यापक रंजीत सिंह ने बताया कि पूबोवाल विद्यालय के अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों ने महिला वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार पारी खेलते हुए गोंदपुर जयचंद की टीम को फाइनल में हराया। वाॅलीबाल के पुरुष वर्ग के हुए फाइनल मुकाबले में गुरपलाह की टीम ने हरोली की टीम को हराकर विजेता का खिताब जीता। वहीं, कुश्ती के हुए फाइनल मुकाबलों में उनके विद्यालय के खिलाड़ियों ने ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा किया। इसमें सात खिलाड़ियों ने स्वर्ण, चार ने रजत और तीन खिलाडियों ने कांस्य पदक प्राप्त किया। इस मौके पर स्कूल के अध्यापक अश्वनी सैनी, कुश्ती कोच दविंद्र कुमार, शारीरिक शिक्षक यादविंदर सिंह, अध्यापिका सतविंदर कौर, सुनीता देवी, रजनी देवी मौजूद रहे।