ऊना। शिव मंदिर पुलवाला बाजार के पास वीरवार को एक आभूषण कारोबारी के साथ मारपीट करने और उसके पास मौजूद चांदी से भरा थैला लेकर भागने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नीलाघाट निवासी 60 वर्षीय कृष्ण किशोर ने बताया कि वह पोस्ट ऑफिस के सामने आभूषणों की दुकान करता है।
वीरवार दोपहर करीब पौने दो बजे वह अपने घर से अकेला दुकान की ओर जा रहा था। रास्ते में टी-पॉइंट के पास आरोपी अशविन्द्र चड्डा बुलेट बाइक पर आया और उसे घूरने लगा। शिकायतकर्ता के अनुसार पुलवाला बाजार में शिव मंदिर के पास पहुंचने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की।
इसके बाद आरोपी ने रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी में हाथ में पहना लोहे का कड़ा निकालकर भी हमला किया।
कृष्ण किशोर ने बताया कि मारपीट में उसके सिर, मुंह, माथे और दोनों कोहनियों पर चोटें आईं और नाक व मुंह से खून निकलने लगा। इसी दौरान आरोपी उसका मौजूद कपड़े का थैला लेकर भाग गया। शिकायतकर्ता के अनुसार थैले में करीब 600 ग्राम चांदी, एक थर्मस बोतल और स्टील का गिलास था। जाते समय आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकियां भी देता रहा।
इसके बाद आसपास मौजूद लोग उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।