दुलैहड़ में जनसभा को संबोधित करते उद्योग मंत्री।
- फोटो : अमर उजाला
बीटन के जक्खेवाल का 27वां वार्षिक दंगल वीरवार को संपन्न हो गया। इस दंगल को पंजाब निवासी जस्सा पट्टी ने दिल्ली के पहलवान प्रवेश को हराकर जीत लिया। जीतने वाले पहलवान जस्सा पट्टी को आयोजन समिति की ओर से दो लाख रुपये की इनामी राशि प्रदान की गई। समापन कार्यक्रम में उद्योगमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा विजेता पहलवान को पुरस्कृत किया। इससे पहले उद्योग मंत्री ने संत बाबा ढांगू वाले का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि संत बाबा ढांगू वाले के आशीर्वाद से प्रदेश का ही नहीं, बल्कि पूरे देश का एक बहुत बड़े दंगल का आयोजन बीटन की धरती पर किया जा रहा है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि संत बाबा ढांगू वाले ने बीत क्षेत्र में शिक्षा का अलख जगाया तथा यहां कॉलेज की स्थापना की। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से कहा कि वह राजनीतिक भावना से ऊपर उठकर संत बाबा ढांगू वाले को कॉलेज के कार्यक्रम में जरूर आमंत्रित करें। संत बाबा ढांगू वाले ने इस क्षेत्र में अस्पताल की स्थापना की है तथा अब यहां पर गौशाला का निर्माण किया जा रहा है। इसमें तीन सौ से अधिक गायों को रखा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि संत बाबा ढांगू वाले के आशीर्वाद से यह इलाका लगातार रोशन हो रहा है। अग्निहोत्री ने कहा कि बीत क्षेत्र के लोगों और खेतों की प्यास बुझाने के लिए 42 करोड़ की बीत एरिया सिंचाई योजना का कार्य प्रगति पर है तथा इसे जल्द ही हलके के लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज हरोली हलका प्रदेश का नंबर एक हलका बना है तथा भविष्य में भी नंबर एक ही रहेगा।
32 लाख से संवरेगा बीटन का टोबा
उद्योग मंत्री ने 32 लाख से बीटन के टोबे के सुंदरीकरण और सुधारीकरण करने का एलान किया। जबकि, गौशाला के रास्ते के निर्माण कार्य को उन्होंने 27 लाख 21 हजार की राशि स्वीकृत करने की घोषणा भी की। इसके अतिरिक्त संत बाबा ढांगू वाले द्वारा अस्पताल में स्थापित अल्ट्रासांउड मशीन के लिए पांच लाख देने का एलान भी किया। उन्होंने दंगल आयोजन समिति को दंगल के आयोजन के लिए पांच लाख देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर संत बाबा ढांगू वाले, गढ़शंकर के पूर्व विधायक लव कुमार गोल्डी, हरोली ब्लॉक कांग्रेस के प्रधान रणजीत सिंह राणा, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, खादी बोर्ड के निदेशक सतीश बिट्टू, कांगड़ के पूर्व प्रधान विनोद बिट्टू, कांग्रेस लीगल सेल के प्रधान रसील सिंह मनकोटिया, एसडीएम धनवीर ठाकुर, बाबा अनूप, संत ढांगूवाले चैरिटेबल अस्पताल के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान सेवा नाथ, चमन लाल बीटन, योगराज जोगा, संजय ठाकुर आदि उपस्थित रहे।