घनारी (ऊना)। तहसील घनारी के अंतर्गत चहांगां बस्ती बस स्टॉप पर जामुन का पेड़ लोगों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पेड़ का तना अंदर से खोखला हो चुका है, जिससे पेड़ कभी भी गिर सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस बस स्टॉप पर प्रतिदिन स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सैकड़ों यात्रियों का आना- जाना रहता है। जिम्मेदार विभाग अब भी मूकदर्शक बने हुए हैं। स्थानीय लोगों नवदीप, गणेश, वार्ड पंच जितेंद्र कुमार, पूर्व उपप्रधान रजनीश सहित अन्य ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि किसी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय तुरंत मौके का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई की जाए। वन विभाग के खंड अधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि मीडिया के माध्यम से मामला ध्यान में आया है। जल्द ही उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।