ऊना। संतोषगढ़-ऊना सड़क पर नंगड़ा गांव में पंजाब नेशनल बैंक के पास पानी की पाइपलाइन लीक मामले में मंगलवार को मरम्मत कार्य शुरू हो गया। संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से इस मामले को बीते सोमवार को अमर उजाला में प्रकाशित किया गया था। अब जल शक्ति विभाग के अधिकारी नींद से जागे और मंगलवार को मौके पर पहुंच कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। विभाग की टीम ने पाइप बदलने के लिए सड़क किनारे खुदाई शुरू कर दी है। ग्राम पंचायत नंगड़ा के उपप्रधान पंकज कुमार ने कहा कि पाइपलाइन लीक होने की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। ग्रामीणों की शिकायतों के बाद अब विभाग ने पाइप बदलने का कार्य शुरू किया है। पाइप बदलने का काम शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि नंगड़ा में पिछले करीब दो महीने से लीकेज के कारण पानी सड़क पर बह रहा था और जगह-जगह बड़े गड्ढे पड़ गए थे। जल शक्ति विभाग ऊना के अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान ने कहा कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को बदलने का कार्य शुरू कर दिया है। इसे जल्द पूरा कर दिया जाएगा।