स्वीप कार्यक्रम के तहत लिवगार्ड उद्योग में जागरूकता अभियान के दौरान एसडीएम सौमिल गौतम कर्मचारिय
गगरेट(ऊना )। सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करके मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश अनुसार धरातल स्तर पर प्रयास लगातार जारी है। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सौमिल गौतम लगातार मतदाताओं के बीच जाकर उन्हें भय और लालच के बिना स्वेच्छा से मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को लिवगार्ड उद्योग मुबारकपुर में मतदाताओं को बढ़चढ़ कर मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। एसडीएम सोमिल गौतम ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर बिना भय और लोभ के मतदान किया जाए तो एक-एक मत इस देश को श्रेष्ठ बनाने के काम आता है। उन्होंने कहा कि जो मतदाता 85 वर्ष या इससे अधिक आयु के हैं या फिर जो मतदाता चालीस प्रतिशत से अधिक दिव्यांग हैं, वह घर बैठे भी मतदान प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। इस कार्यक्रम में हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से भी मतदाताओं ने मतदान का प्रण लिया, ताकि लोकतंत्र मजबूत हो सके। इस अवसर पर स्वीप कार्यक्रम के समन्वयक सुनील कुमार, लिवगार्ड के प्लांट हैड अक्षय कुमार राउत, शिवपाल, अश्विनी कुमार, अमित शर्मा सहित कर्मचारी वर्ग भी मौजूद रहा।