आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने वीरवार को रक्कड़ कॉलोनी स्थित एक नामी स्कूल में छापा मारा। स्कूल में अचानक विभागीय छापामारी से स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन से स्टेशनरी की खरीदो-फरोख्त से संबंधित बिल दिखाने की मांग की। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने अधिकारियों से सभी जानकारियां लिखित में मांगने का आग्रह किया है। बताया जा रहा है कि उक्त कार्रवाई स्कूल प्रबंधन के खिलाफ की गई शिकायत के आधार पर की गई है।
वीरवार को ईटीओ संसार चंद के नेतृत्व में विभागीय टीम ने स्कूल में दबिश दी। उन्होंने स्कूल के ऑफिस से विद्यार्थियों को दी गई स्टेशनरी के बारे में पूछताछ की। स्टाफ ने आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों को तमाम जानकारी मुहैया करवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभाग को जो भी जानकारी चाहिए, इसके लिए लिखित रूप में स्कूल को दें, जिससे पूरी जानकारी दस्तावेजों सहित अधिकारियों को दी जा सके। आबकारी एवं कराधान विभाग के सहायक आयुक्त राजीव डोगरा ने बताया कि विभागीय टीम ने स्कूल में दबिश दी है। प्रधानाचार्य ने जानकारी के लिए लिखित आवेदन के साथ कुछ समय देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विभागीय नियमों के मुताबिक स्कूल प्रबंधन को जानकारी देने के लिए समय दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त कार्रवाई स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विभाग को मिली शिकायत के आधार पर की गई है।