बोले-संगठन को अगले 10 साल तक सक्रिय भूमिका से चलाने वाले को देंगे अवसर
पार्टी के वन मैन, वन पोस्ट सिद्धांत पर होगा संगठन का पुनर्गठन
जसवीर ठाकुर
ऊना। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रभारी और चंडीगढ़ कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह गब्बी ने कहा कि संगठन में सक्रिय रूप से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाएगा और पार्टी का वन मैन, वन पोस्ट सिद्धांत पूरी तरह से लागू किया जाएगा। जो काम नहीं करेंगे उन्हें पद पर नहीं बैठने दिया जाएगा। वह लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह ऊना में कांग्रेस पार्टी के अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बैठक के दौरान रूबरू हुए। इस दौरान व्यक्तिगत रूप से भी 250 के करीब पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जिला से लेकर ब्लॉक तक कांग्रेस पार्टी के सभी अग्रणी संगठनों की फीडबैक ली और कहा कि वर्तमान में जिला और ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस पार्टी के संगठनों के पुनर्गठन की कवायद शुरू की गई है। इस बार हाईकमान की ओर से 10 साल तक आगे संगठन को चलाने वाले सक्रिय और तजुर्बेकार पदाधिकारी को आगे लाया जाएगा। राजनीतिक तौर पर जान पहचान रखने वालों और संगठन में सक्रिय भूमिका न होने की सूरत में ऐसे लोगों को संगठन के अहम पदों पर नहीं बैठाया जाएगा। इस बार पार्टी और सरकार दो अलग-अलग पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए पूरी निष्पक्षता के साथ जिला से लेकर ब्लॉक स्तर तक पदाधिकारी की ताजपोशी होगी। किसी भी राजनीतिक नेता का संगठन के पुनर्गठन को लेकर हस्तक्षेप नहीं होगा। सारी रिपोर्ट तैयार करके हाईकमान को भेजी जाएगी। वह ऊना जिला के तीन दिवसीय दौरे पर हैं और रविवार को चिंतपूर्णी की सुबह 11:00 और गगरेट की दोपहर 03:00 बजे, सोमवार को कुटलैहड़ की सुबह 11:00 बजे, सदर ऊना की 04:00 बजे ब्लॉक स्तर पर बैठक आयोजित होगी और कार्यकर्ता में पदाधिकारी से फीडबैक ली जाएगी। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक हर कार्यकर्ता तक पहुंचा जाएगा। संगठन को चलाने की क्षमता रखने वालों को आगे लाया जाएगा।