ऊना। पुलिस थाना बंगाणा के तहत ननावीं में जमीन विवाद के दौरान जातिसूचक शब्द बोलने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अजीत कुमार निवासी ननावीं तहसील बंगाणा जिला ऊना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके गांव के रोशल लाल के घर के सामने कुछ लोग लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे। उनके बीच झगड़ा किसी रास्ते को लेकर चल रहा था। मौके पर मौजूद गांव के उपप्रधान ने विवाद कर रहे लोगों से कहा कि ग्राम पंचायत प्रधान को मौके पर आने दीजिए। उनकी उपस्थिति में फैसला होगा। लेकिन, गांव की तीन महिलाओं व एक व्यक्ति ने रास्ते पर लोहे के खंभे लगाकर रस्सी बांधना शुरू कर दी। उपप्रधान की ओर से दोबारा कहा गया कि प्रधान को मौके पर आने दीजिए। इसपर रास्ता रोकने वाले पक्ष से महिलाओं ने प्रधान के लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल व गाली गलौज किया। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।