डीसी ने हरोली ब्लॉक में विकास कार्यों का जायजा
गोंदपुर जयचंद में सामुदायिक भवन में नया जिम होगा स्थापित
संवाद न्यूज एजेंसी
हरोली (ऊना)। ऊना के उपायुक्त जतिन लाल ने वीरवार को हरोली ब्लॉक के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत छेत्रां में लगभग 69 लाख की लागत से बन रहे पंचायत भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समय पर निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि भवन में युवाओं के लिए जिम और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उपायुक्त ने 25 लाख की लागत से विकसित हो रहे अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया और इसे आकर्षक बनाने हेतु फव्वारा व प्रकाश व्यवस्था लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब में पक्षियों की मौजूदगी को क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता का प्रतीक बताते हुए इसके संरक्षण का आश्वासन दिया।
गोंदपुर जयचंद में जिम सुविधा
गोंदपुर जयचंद के सामुदायिक भवन में आंशिक जिम उपकरण मिलने पर उपायुक्त ने बीडीओ को पूर्ण जिम सुविधा स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि युवा फिटनेस सुविधाओं का लाभ उठा सकें।