रामपुर बैली ब्रिज पर लोक निर्माण विभाग ने लगाया नया ऊंचाई अवरोधक। संवाद
ऊना। रामपुर बेली ब्रिज पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए आखिरकार ऊंचाई अवरोधक लगाने का काम बुधवार से शुरू हो गया। बार-बार ऊंचाई अवरोधक क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं के बाद लोक निर्माण विभाग ने नई व्यवस्था लागू करते हुए पुल के ऊपर और पुल से करीब 20 मीटर पहले दोनों ओर अलग-अलग ऊंचाई अवरोधक लगाने का निर्णय लिया है।
संवाद न्यूज एजेंसी ने अमर उजाला के माध्यम से इस मामले को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद विभाग ने ऊंचाई अवरोधक दोबारा लगाने का कार्य शुरू किया है। बता दें कि रामपुर बेली ब्रिज पर लोक निर्माण विभाग द्वारा लगाया गया एक ऊंचाई अवरोधक करीब दस दिन पहले तोड़ दिया गया था। बीते मंगलवार को सामान से भरे पिकअप वाहन ने दूसरा ऊंचाई अवरोधक भी तोड दिया। जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने निर्माण कार्य के मद्देनजर बेली ब्रिज पर यातायात की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश जारी किए हैं। यातायात को चंद्रलोक कॉलोनी मार्ग से डायवर्ट किया गया है।
उपायुक्त ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए हैं कि मार्ग परिवर्तन और यातायात व्यवस्था की जानकारी देने के लिए सड़क पर पहले से संकेतक बोर्ड लगाए जाएं।
बेली ब्रिज के ऊपर लगाए गए ऊंचाई अवरोधक को कई बार क्षतिग्रस्त किया जा चुका है। इसे देखते हुए अब पुल तक भारी वाहन पहुंच ही न सकें, इसके लिए पुल से पहले ही दोनों ओर अलग से ऊंचाई अवरोधक लगाए जा रहे हैं। इससे बेली ब्रिज को नुकसान पहुंचने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी।
-देवानंद शर्मा, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ऊना