बंगाणा (ऊना)। लोकसभा आम चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवारों के चुनावी खर्च पर नजर रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के व्यय पर्यवेक्षक डॉ. कुंदन यादव ने रविवार को बंगाणा के मिनी सचिवालय में सभी उम्मीदवारों के व्यय रजिस्टरों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर डॉ. कुंदन यादव ने उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों को चुनावी खर्च की गणना के संबंध में कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों के चुनावी खर्च वाले रजिस्टर की कम से कम तीन बार जांच अनिवार्य होती है। व्यय पर्यवेक्षक ने बताया कि उम्मीदवारों के अपने व्यय रजिस्टर के अलावा निर्वाचन आयोग की टीमें भी शेडो रजिस्टर बनाती हैं। निरीक्षण के दौरान इन दोनों रजिस्टरों का मिलान भी किया जाता है। इस दौरान एसडीएम और निर्वाचन अधिकारी सोनू गोयल विधानसभा क्षेत्रों के सहायक व्यय पर्यवेक्षक और अकाउंटिंग टीमों के सदस्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।