संघ ने अंग्रेजी विषय में कम अंकों को लेकर जताई नाराजगी
एक भी छात्र के अंक 90 से अधिक नहीं दिए गए
संघ ने दोषियों के खिलाफ मांगी उचित कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। हिमाचल प्रदेश प्रवक्ता स्कूल न्यू संघ जिला ऊना इकाई ने हाल ही में घोषित जमा दो के परीक्षा परिणामों पर चिंता जताई है। संघ का कहना है कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की ओर से परिणामों को जल्द घोषित करने की होड़ में मूल्यांकन प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती गई है। इसमें कई छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। संघ ने विशेष रूप से अंग्रेजी विषय में कम अंकों को लेकर नाराजगी जताई है और कहा कि कई मेधावी छात्रों को वास्तविक प्रदर्शन के मुकाबले बेहद कम अंक दिए गए हैं, जो लापरवाही का प्रत्यक्ष प्रमाण है। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि पूरे हिमाचल में अंग्रेजी विषय में एक भी छात्र के नंबर 90 से ऊपर नहीं दिए गए जो दर्शाता है कि या तो ओएमआर शीट ढंग से चेक नहीं हुए या बोर्ड स्तर पर बड़ी लापरवाही हुई। इसकी जांच करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इतिहास विषय में एक छात्र को पहले मात्र 15 अंक मिले थे, जो पुन: मूल्यांकन के बाद 46 हो गए थे। यह दर्शाता है कि मूल्यांकन में भारी चूक हुई थी और विद्यार्थियों के साथ सरासर धोखा किया जा रहा है। इस बात भी जांच की जाए कि कहीं अनुभवहीन अध्यापकों ने मूल्यांकन तो नहीं किया। साथ ही यह भी देखा गया है कि अंग्रेजी माध्यम से आर्ट्स पढ़ने वाले छात्रों को अक्सर कम अंक मिलते हैं, जबकि विद्यालय स्तर पर उनका प्रदर्शन उत्कृष्ट होता है। संघ ने मांग की है कि भविष्य में मूल्यांकन प्रक्रिया में केवल अनुभवी और विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को ही जिम्मेदारी दी जाए, ताकि कोई भी छात्र अन्याय का शिकार न हो। इस अवसर पर संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्विनी धीमान, जिला अध्यक्ष सुनीत सिंह राणा, जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार, महासचिव रविंद्र गुलेरिया, कोषाध्यक्ष ओम पराशर, ऑडिटर नरेंद्र नाथ, प्रेस सचिव बलविंदर सिंह, प्रदेश उपवित्त सचिव संजीव कुमार, प्रदेश एक्शन कमेटी के उपाध्यक्ष विमल कुमार, ओपी शर्मा, चंचल कुमार व रमणीक सिंह बंसल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।