दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में मंगलवार को हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन एवं कॅरिअर गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा रहे, जबकि राजेश कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में सहभागिता की। उन्होंने विद्यार्थियों को हिम बस कार्ड योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इस नई योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को मात्र 236 रुपये में हिम कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके माध्यम से उन्हें निशुल्क एवं रियायती यात्रा सुविधाएं डिजिटल रूप से प्राप्त होंगी। यह कार्ड ऑनलाइन माध्यम से बनाया जा सकता है। यह सुविधा सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, पुलिस कर्मियों, तथा राज्य एवं केंद्र सरकार के कर्मचारियों, निगमों और बोर्डों के कर्मचारियों के लिए अनिवार्य की गई है।