क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में त्वचा रोग विशेषज्ञ की तैनाती
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। प्रदेश सरकार ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में त्वचा रोग विशेषज्ञ की तैनाती की है। आईजीएमसी शिमला से एमडी की उपाधि प्राप्त करने के बाद डॉ. श्रुति को ऊना अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ (स्किन स्पेशलिस्ट) के रूप में सेवाएं देने का अवसर मिला है। उन्होंने मंगलवार को अपना पदभार ग्रहण किया। डॉ. श्रुति ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल बरमाणा में हुई। वर्ष 2017 में उन्होंने टांडा मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने जिला मंडी के बथेड़ी पीएचसी में सेवाएं दीं तथा लगभग 10 माह तक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्य किया। इसके बाद एमडी के लिए चयनित होने पर उन्होंने त्वचा रोग विशेषज्ञता में अपनी डिग्री वर्ष 2025 में पूर्ण की। डॉ. श्रुति की पहली नियुक्ति बतौर त्वचा रोग विशेषज्ञ क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में हुई है। उनके पति डॉ. पुनीत बंसल भी क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक स्पेशलिस्ट) के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। डॉ. श्रुति ने कहा कि उनका उद्देश्य रोगियों को त्वचा संबंधी बीमारियों के उपचार के साथ-साथ उन्हें सही जीवनशैली अपनाने और त्वचा की देखभाल के बारे में जागरूक करना है, ताकि लोग स्वस्थ एवं बेहतर जीवन जी सकें।