चिंतपूर्णी कालेज में एचआईवी एड्स पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मौजूद स्टाफ व विद्यार्थी।स्रो
- फोटो : अमर उजाला
चिंतपूर्णी (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय चिंतपूर्णी में रेड रिबन क्लब, रेडक्रॉस सोसाइटी और एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में एचआईवी, एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नागरिक अस्पताल अंब से आए समन्वयक नरेंद्र कुमार ने एचआईवी विषय पर अपने विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों को इसके कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से इस गंभीर बीमारी से संबंधित जागरूकता फैलाने का सराहनीय प्रयास किया। कार्यक्रम में डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि एचआईवी, एड्स एक जानलेवा बीमारी है, जिसका सबसे प्रभावी इलाज जागरूकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि इस बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न करें, बल्कि उन्हें सहयोग और मानसिक बल प्रदान करें।
उन्होंने यह भी बताया कि नशे का सेवन इस बीमारी के प्रसार का एक प्रमुख कारण है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि संक्रमित व्यक्ति को अपने खानपान को पौष्टिक रखना चाहिए ताकि उसकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनी रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय का संपूर्ण परिवार उपस्थित रहा और सभी ने इस जागरूकता अभियान की सराहना की।