ऊना। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड शाखा धुसाड़ा की ओर से शुक्रवार को नाबार्ड के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर धुसाड़ा गांव में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक शाखा के प्रबंधक पुनीत सिंगला ने की। प्रबंधक ने उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी, जिसमें कृषि कार्ड, यूपीआई, फसल बीमा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, राजीव गांधी स्व-रोजगार योजना शामिल रहीं। साथ ही उन्होंने एटीएम से लेन-देन करते वक्त सतर्क रहने की सलाह दी और साइबर फ्रॉड, आधार कार्ड, ओटीपी साझा न करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी जानकारी दी। प्रबंधक ने ग्रामीणों को स्वयं सहायता समूह के गठन के महत्व और इसके लाभों के बारे में भी बताया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और उन्हें विभिन्न योजनाओं के लाभ के बारे में अवगत कराना था।