खेलों में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंगाणा में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए खेल अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल प्रभारी एवं विभागाध्यक्ष प्रो. सिकंदर नेगी ने की। प्रारंभ में प्रो. नेगी ने उपस्थित छात्र-खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की खेल उपलब्धियों का उल्लेख किया। विशेष रूप से पिछले वर्ष हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित अंतर-महाविद्यालय चैंपियनशिप में महाविद्यालय के प्रदर्शन को रेखांकित किया। उन्होंने कॉलेज की समृद्ध खेल संस्कृति और उपलब्ध संसाधनों की भी सराहना की। इसके पश्चात खेल विभाग के सदस्य अरविंद रत्न ने कॉलेज परिसर में उपलब्ध खेल सुविधाओं, स्टाफ एवं बुनियादी ढांचे पर एक संक्षिप्त प्रस्तुति दी। प्रो. कृष्ण चंद ने खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों के नियम, दिशानिर्देश और आचार संहिता से अवगत कराया। डॉ. किरण ठाकुर ने कॉलेज स्तर पर उपलब्ध खेल अवसरों, टीम गठन, चयन प्रक्रिया और आगामी प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि ये नेतृत्व, अनुशासन एवं टीम भावना जैसे जीवन मूल्यों के विकास में भी सहायक होते हैं।