पंडोगा (ऊना)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंडोगा में लगभग 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। दो मंजिला इस भवन में छह नए कक्षों का निर्माण किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माणाधीन पंडोगा-त्यूड़ी पुल का कार्य अगले पांच माह में पूरा कर लिया जाएगा। करीब 52 करोड़ से बन रहा यह पुल आवागमन की बड़ी सुविधा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि लोअर पंडोगा में पंचायत घर के निर्माण के लिए भूमि की पहचान कर पंचायत प्रतिनिधियों की सहमति से उपयुक्त स्थान पर भवन का निर्माण कराया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का आह्वान किया।