थानाकलां स्कूल में तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
जिलाभर के 600 प्रतिभागी विभिन्न खेलों में दिखाएंगे प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, थानाकलां में तीन दिवसीय जिलास्तरीय लड़कों की खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने किया। इस प्रतियोगिता में जिला ऊना के लगभग 600 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन बास्केटबाल, वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, जूडो, ताइक्वांडो और कुश्ती जैसे खेलों में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वॉलीबाल में पहला मुकाबला ऊना जोन और गगरेट जोन के बीच हुआ, जिसमें गगरेट जोन की टीम विजयी रही। दूसरे मैच में हरोली जोन ने बंगाणा जोन को हराया। खो-खो के मुकाबले में बंगाणा जोन ने गगरेट जोन को पराजित किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं। टेबल टेनिस में बदोली ने चित्तड़गढ़ की टीम को हराया। कबड्डी में पहले मुकाबले में ऊना जोन की टीम ने गगरेट जोन को हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में हरोली जोन ने अंब जोन को मात दी। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का साधन नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, भाईचारा और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव पराशर ने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन चुनौतीपूर्ण समय में किया गया, लेकिन पूरे स्टाफ की मेहनत और समर्पण से यह सफल हुआ।
ऊना में 180 खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
ऊना। जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) ऊना के मैदान में हुआ। प्रतियोगिता में जिले भर के 180 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई। शुभारंभ समाजसेवी प्रिंस राजपूत ने किया। यह जानकारी प्रधानाचार्य सुरेंद्र कौंडल ने दी।
पहले दिन हैंडबाल का मुकाबला चताड़ा और डीडीएम इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, गोंदपुर बनेहड़ा के बीच हुआ, जिसमें छतरा की टीम ने 24-11 से जीत हासिल की।