निजी स्कूल नहीं चलाएंगे ट्रांसपोर्ट, 70 फीसदी वार्षिक शुल्क लेंगे
ऊना। निजी स्कूलों ने नौवीं से बारहवीं तक की कक्षाएं चलाने पर हामी भर दी है। लेकिन स्कूल ट्रांसपोर्ट सुविधा देने को तैयार नहीं हैं। निजी स्कूल प्रबंधन सरकार के निर्देशानुसार ऑनलाइन और ऑफलाइन कक्षाओं का आयोजन करेंगे। इस बारे में सीबीएसई निजी स्कूल एसोसिएशन और हिमाचल प्रदेश बोर्ड निजी स्कूल एसोसिएशन की संयुक्त बैठक रेस्ट हाउस में हुई। जिसमें एक फरवरी से स्कूल खोलने के निर्णय का स्वागत किया है। बैठक में स्कूल खोलने पर चर्चा करने के साथ इस सत्र में ट्रांसपोर्ट चलाने पर भी चर्चा की गई। जिसमें निर्णय लिया कि आर्थिक कारणों की वजह से कोई भी स्कूल इस सत्र में ट्रांसपोर्ट नहीं चला पाएंगे। इसके अलावा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्कूलों को सुचारू रूप से चलाने के लिए तय 70 प्रतिशत एनुअल चार्जेस वसूल किए जाएंगे। बैठक में एचपी बोर्ड स्कूल एसोसिएशन के अजीत वत्स, महेश राणा, सीबीएसई निजी स्कूल एसोसिएशन ऊना के सोमेश शर्मा, अनुज विशिष्ट, प्रमोद शर्मा, सुनील चौधरी, सुमित आनंद, निर्मल सिंह ठाकुर, नरेंद्र शर्मा, कृष्ण कालिया, अतुल महाजन, नमित शर्मा आदि उपस्थित रहे।