अंब(ऊना)। अग्निशमन सेवा सप्ताह के समापन दिवस पर अग्निशमन चौकी अंब के कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाए। इस दौरान गैस एजेंसी अंब और आईटीआई नैहरियां में कर्मचारियों, उपभोक्ताओं और प्रशिक्षुओं को एलपीजी गैस के सुरक्षित उपयोग, गैस रिसाव की पहचान तथा आग से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। कर्मचारियों द्वारा अग्निशमन यंत्रों का प्रदर्शन भी किया गया। बस व टैक्सी स्टैंड अंब में चालकों, परिचालकों तथा आम जनता को अग्नि सुरक्षा के उपायों, आपातकालीन स्थिति में की जाने वाली कार्यवाही के बारे में जागरूक किया गया। इसी कड़ी में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैहरियां में विद्यार्थियों व स्टाफ को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया और अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग का व्यावहारिक अभ्यास करवाया। फायरमैन मनोहर सिंह ने बताया कि यह सप्ताह हर 14 अप्रैल 1944 को हुए मुंबई डाक विस्फोट के दौरान देश सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले 66 बहादुर अग्निशामकों को श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आग लगने पर दौड़ने के बजाय रुकें, जमीन पर लेट जाएं और रोल करें। आपातकालीन स्थिति में टोल फ्री नंबर 101 पर कॉल करने और शांत रहकर सही नाम व पता बताने की सलाह दी गई। इस मौके पर संस्थान के समूह अनुदेशक राकेश कुमार और अन्य अनुदेशक सुनील दत्त, विवेक कुमार, सुरेश कुमार व अनिल कुमारी उपस्थित रहे।