बंगाणा में निशनदेही करते राजस्व विभाग कर्मी ।संवाद
अब एसडीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी तय करेगी आगे की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा/थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा मुख्यालय के बाजार क्षेत्र में अवैध कब्जों और निर्माणों को लेकर राजस्व विभाग की तीन दिवसीय कार्रवाई बुधवार को संपन्न हो गई। हाईकोर्ट के आदेशानुसार विभाग ने सभी विवादित स्थलों की निशानदेही कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली है, जिसे अब उपमंडलाधिकारी (नागरिक) सोनू गोयल की अध्यक्षता में गठित कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्रवाई का नेतृत्व तहसीलदार अमित कुमार ने किया, जबकि राजस्व अधिकारी नीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी निरीक्षण टीम में शामिल रहे। तीन दिन तक चली इस जांच के दौरान बाजार की लगभग हर दुकान और भवन का बारीकी से निरीक्षण किया गया। सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट में कई बड़े व्यावसायिक भवनों और बहुमंजिला निर्माण को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है। कमेटी की बैठक के बाद संबंधित अवैध निर्माणधारकों को स्वयं कब्जे हटाने के लिए समय दिया जाएगा, अन्यथा प्रशासन जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस सख्त कदम से बाजार की व्यवस्था सुधरेगी और वर्षों पुराना अतिक्रमण विवाद समाप्त होगा। विभाग की ओर से तैयार रिपोर्ट को फिलहाल गोपनीय रखा गया है। बताया जा रहा है कि जिन दुकानदारों और भवन मालिकों ने सड़क की ओर अतिक्रमण किया है, उन पर कड़ी कार्रवाई की संभावना है। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार अपनी सीमाओं की माप और निशानदेही में स्वयं शामिल रहे।