धरपकड़ के लिए जगह-जगह दी जा रही दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। सम्राट मार्केट के पास दो गुटों में तलवारों और डंडों से हुई खूनी झड़प में हमलावरों की पुलिस ने शिनाख्त कर ली है। पुलिस का चार सदस्यीय दल पंजाब के लिए रवाना कर दिया है। अभी तक पुलिस की हमलावरों को पकड़ने के लिए जगह-जगह पर दबिश जारी है। दूसरी ओर पुलिस थाना ऊना के साथ चंडीगढ़ धर्मशाला मार्ग पर दिनदहाड़े इस तरह की खूनी झड़प की घटना घटित होने से शहरवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मार्केट में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर हमलावरों की शिनाख्त कर ली है। इस खूनी झड़प में घायल हुए दो युवक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचाराधीन है।
इस घटना में घायल दो युवकों के बयान के आधार पर सात युवक इस घटना में संलिप्त पाए गए हैं। इनके खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आगामी तफ्तीश तेज कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरप्रीत सिंह पुत्र गुरमीत सिंह निवासी गांव और डाकघर ढेर तहसील आनंदपुर साहिब जिला रूपनगर पंजाब की शिकायत पर मुकेश निवासी सैंसोवाल, निखिल चौधरी निवासी नया नंगल, चेतन सैनी निवासी संतोषगढ, धनी निवासी संतोषगढ़, गग्गी निवासी अरनियाला, शुभी निवासी अरनियाला व सुखी निवासी अरनियाला के खिलाफ पंजीकृत हुआ। शिकायतकर्ता ने बयान में दर्ज करवाया कि वह अपनी मौसी के बेटे अनमोल सिंह पुत्र जसवंत सिंह गांव धतयाल डाकघर नारी तहसील व जिला ऊना के साथ ऊना कॉलेज के पास चाय सूटा बार के बाहर बैठे थे तो आरोपियों ने वहां पर डंडों के साथ उसके और मौसी के लड़के के साथ मारपीट की और गग्गी, शुभी व सुखी के हाथों में डंडे व तलवार थी। एसपी ऊना राकेश सिंह का कहना है कि चार सदस्यीय पुलिस की टीम पंजाब के लिए रवाना कर दी है। हमलावर जल्द ही पुलिस हिरासत में होंगे।