थानाकलां (ऊना)। पुलिस थाना बंगाणा के तहत ठंडी खुई क्षेत्र में एक फालूदा और आइसक्रीम बेचने वाली रेहड़ी ने सड़क के एक तिहाई हिस्से पर कब्जा कर लिया, जिससे यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एएसआई पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने देखा कि एक छोटा हाथी नुमा वाहन सड़क पर रेहड़ी के रूप में खड़ा था और इससे आम जनता को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही थी। रेहड़ी मालिक की पहचान बालू लाल खरोल (38) पुत्र लादु चंद निवासी भगवानपुरा, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) हाल निवासी बंगाणा के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से रेहड़ी को कब्जे में लेकर वहां से हटवाया। इस मामले में थाना बंगाणा में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि प्रकरण की जांच जारी है।