क्रिकेट मैच का आनंद लेते क्रिकेट प्रेमी। संवाद
गगरेट (ऊना)। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने दिखीं, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस उत्साह को दोगुना करने के लिए पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने विशेष आयोजन किया, जहां बड़ी स्क्रीन पर मैच का सीधा प्रसारण दिखाया गया। हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी इस आयोजन में शामिल हुए और लाइव मैच का आनंद लिया। भारत ने मैच को जीत लिया। जगह-जगह क्रिकेट प्रेमी मैच का लुत्फ उठा रहे थे। बड़ी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण होने से ऐसा लग रहा था मानो स्टेडियम का रोमांच वही उतर आया हो। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, दर्शकों की धड़कनें तेज होती गईं और हर चौके-छक्के पर जोरदार तालियां और नारे गूंजने लगे। पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा द्वारा किए गए इस शानदार आयोजन की हर ओर प्रशंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट भारत में सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि जुनून है। क्रिकेट प्रेमियों की खुशी ही हमारी सबसे बड़ी जीत है। इस आयोजन में युवा, बुजुर्ग, बच्चे हर वर्ग के लोग मौजूद रहे। लोग अपने-अपने अंदाज में भारतीय टीम का समर्थन कर रहे थे।