ऊना। प्रदेश सरकार के रवैये से नाराज हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन पांच सितंबर को शिमला पुराना अड्डा मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन व विधानसभा मार्च करेंगे। इस पर हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन ऊना इकाई के प्रधान किशोरी लाल, अध्यक्ष सहदेव सिंह, महासचिव सतपाल शर्मा ने संयुक्त बयान में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य कार्यकारिणी व जिला कार्यकारिणी के कई बार मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री को पेंशनरों की प्रमुख समस्याओं के संबंध में पिछले दो वर्षों में कई बार ज्ञापन सौंपे, परंतु उनका समाधान तो दूर प्रदेश सरकार ने बातचीत करना भी जरूरी नहीं समझा। इसके चलते संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी ने साफ किया है कि अगर मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री पेंशनर्ज को बातचीत के लिए नहीं बुलाते हैं तो पांच सितंबर को शिमला पुराना बस अड्डे में प्रदर्शन व विधानसभा तक पैदल मार्च करेंगे। इस मौके पर जिला महासचिव सतपाल शर्मा व अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद