ऊना। एचआरटीसी पेंशनरों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) का लाभ अब तक नहीं मिलने से रोष है। लंबित मांगों और वित्तीय देनदारियों के शीघ्र भुगतान की मांग को लेकर हिमाचल पथ परिवहन निगम सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन ने आवाज उठाई है। शनिवार को ऊना मुख्यालय स्थित एक निजी होटल में संगठन की जिला इकाई की बैठक हुई। इसमें पेंशन, एरियर, संशोधित वेतनमान और मेडिकल बिलों समेत विभिन्न लंबित मांगों पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष सतपाल शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि राज्य कार्यकारिणी की मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ हुई बैठक के बाद पिछले करीब दो माह से पेंशनरों को समय पर पेंशन मिल रही है। इसके अलावा पिछले चार-पांच वर्षों से लंबित करीब 20 करोड़ रुपये के एरियर का भुगतान भी किया गया है। संगठन ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। सतपाल शर्मा ने कहा कि इसके बावजूद एचआरटीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें अभी लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से एचआरटीसी पेंशनरों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य कर्मचारियों और पेंशनरों को तीन प्रतिशत डीए का लाभ मिल चुका है, लेकिन एचआरटीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी अभी इससे वंचित हैं।
उन्होंने बताया कि भुंतर में उपमुख्यमंत्री के साथ हुई मुलाकात के दौरान भी इस मांग को प्रमुखता से उठाया गया था। उस समय डीए का लाभ जारी करने के आदेश दिए जाने की बात कही गई थी लेकिन इसके बावजूद अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। इससे पेंशनरों में रोष है। संगठन ने 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को संशोधित वेतनमान का लाभ जल्द देने की मांग की।