समय पर पेंशन सहित अन्य मांगें जल्द पूरा करने के लिए उठाई आवाज
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन ऊना की बैठक बुधवार को पुराना बस स्टैंड परिसर में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष चनण सिंह ने की। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और उन्हें शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। कहा कि एचआरटीसी से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर पेंशन नहीं मिल रही है, जिससे बुजुर्ग पेंशनरों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस विषय को लेकर सरकार से कई बार आग्रह किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन पर कोई ठोस असर दिखाई नहीं दे रहा है। सदस्यों ने बताया कि हर बार सरकार की ओर से समय पर पेंशन देने का आश्वासन तो दिया जाता है, लेकिन पेंशन जारी करने की कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है। इससे पेंशनरों को हर माह अनिश्चितता और परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके अतिरिक्त तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) भी अब तक पेंशनरों को नहीं दिया गया है।
यह भी कहा कि मेडिकल बिलों का भुगतान लंबे समय से लंबित है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इलाज कराने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में सहदेव, नरेश, सरवन कुमार, रामनाथ, विजय कुमार, बलबीर सिंह, बलदेव, यशपाल, इंद्रजीत, मुरली मनोहर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।