दिसंबर से पहले कार्य पूरा करवाने की तैयारी
हरोली, अंब, एचआरटीसी वर्कशॉप और ऊना बस अड्डे में चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ऊना ने जिले में प्रस्तावित इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशनों पर बिजली मीटर स्थापित करवाने के लिए आवेदन कर दिया है। निगम की ओर से बिजली मीटर से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। विभाग का लक्ष्य दिसंबर से पहले चार्जिंग स्टेशन तैयार करने का है।
जिन स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं, वहां इन दिनों विद्युत बोर्ड द्वारा ट्रांसफार्मर लगाने का काम तेज़ी से चल रहा है। हरोली, अंब, एचआरटीसी वर्कशॉप तथा ऊना बस अड्डे में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। ऊना बस अड्डे के लिए ट्रांसफार्मर कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक निर्माण सामग्री बस अड्डे पर पहुंचा दी गई है। एचआरटीसी ने चार्जिंग स्टेशन वाले सभी स्थानों पर ट्रांसफार्मर स्थापना के लिए विद्युत बोर्ड को डेढ़ करोड़ रुपये जारी किए हैं। ट्रांसफार्मर और बिजली मीटर लगने के बाद चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का कार्य इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाने वाली कंपनी की ओर से किया जाएगा। इसी वर्ष एचआरटीसी के बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने जा रही हैं, जिससे ऊना जिले को भी शीघ्र नई बसें मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
कोट
जिले में चार्जिंग स्टेशनों के लिए ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य तेज गति से जारी है। बिजली मीटर स्थापना से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर आवेदन भेज दिया गया है। नई इलेक्ट्रिक बसों के आगमन से पहले चार्जिंग स्टेशनों का काम पूरा कर लिया जाएगा।- सुरेश धीमान, उपमंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी ऊना