धरा को हरा भरा करने के लिए पर्यटन विकास निगम चलाएगा अभियान
पौधारोपण अभियान में लापरवाही करने पर होगी विभागीय कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) पाैधरोपण अभियान को सख्ती से गति देने जा रहा है। धरा को हरा-भरा रखने की दिशा में इस अभियान में एचपीटीडीसी अपने सभी इकाइयों में कम से कम दस पौधों को रोपित करेगा। इस संबंध मेंं संबंधित कार्यालयों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
इस बरसात में बारिश के जोर पकड़कते ही पौधों को रोपित करने का कार्य शुरू होगा। अभियान को सफलतापूर्वक चलाने के लिए पौधारोपण के दौरान व उसके बाद की तस्वीरें ई-ऑफिस मोड के माध्यम से मुख्य कार्यालय में साझा होंगी। अगर कोई पौधारोपण को लेकर लापरवाही करता है या फिर गंभीरता से नहीं लेगा, तो निश्चित तौर पर संबंधित इकाई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। अधिकारियों की मानें तो बरसात के मौसम में हरित आवरण को बढ़ाने और पर्यावरण में सकारात्मक योगदान देने के लिए पहल करेंगे। सभी डीडीओ को बरसात के मौसम की शुरुआत के दौरान क्षेत्र की जलवायु परिस्थितियों के अनुसार अपने परिसर में कम से कम से कम दस पौधे लगाने का निर्देश दिया गया है। अगर किसी इकाई के पास परिसर के भीतर पौधारोपण करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है, तो ऐसी परिस्थिति में वे इकाइयां आसपास के यूनिट्स संग पौधारोपण को लेकर आवश्यक कदम उठाएंगी। यह पहल न केवल पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता के अनुरूप निभाई जाएगी, बल्कि इससे हरित प्रदेश में आगंतुकों, मेहमानों व कर्मचारियों सहित सभी के लिए एक स्वस्थ व अधिक सौंदर्यवादी रूप से मनभावन वातावरण बनाने में सहायता मिलेगी। निसंदेह एचपीटीडीसी पारिस्थितिकी पर्यटन संस्थान हैं। प्रदेश की प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों की सुरक्षा करने सहित उन्हें संरक्षण प्रदान करना इसका लक्ष्य है। यही वजह है कि प्रदेश में पौधारोपण अभियान को बल देकर अब विभाग हर इकाई में दस पौधों को रोपित करेगा।
-
एचपीटीडीसी के सभी डीडीओ और यूनिट प्रभारियों को कम से कम दस पौधे रोपित करने को कहा गया है। इसमें कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- राजीव कुमार, प्रंबध निदेशक, एचपीटीडीसी