ऊना। कांग्रेस के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने सीआईए टीम की कार्यप्रणाली की जहां एक ओर सराहना की है तो वहीं दूसरी ओर जुआ मामले में अनुचित तौर पर दो कांस्टेबलों द्वारा लेनदेन मामले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि सीआईए भंग होने का सरकारी पेपर प्रतिपक्ष नेता जयराम ठाकुर के पास कैसे पहुंच गया। इस मामले की मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जांच करवाएं। वहीं दूसरी ओर उन्होंने भाजपा के विधायक सतपाल सत्ती पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि उनके ही रिश्तेदार इस लेनदेन के मामले में संलिप्त पाए गए हैं जो कि बहुत ही शर्मनाक बात है। उन्होंने कहा कि सतपाल सत्ती आजकल स्वां नदी के चक्कर लगा रहे हैं। शायद वह अपने भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौर में जो खनन किया है, उसको देख रहे हैं। उन्होंने सतपाल सत्ती को आगाह किया कि उस दौर में और वर्तमान के दौर में खनन को लेकर आकलन लगा लें कि कहां कितना खनन माफिया खनन कर रहा है। उन्होंने सीआईए की टीम में जो दो कांस्टेबल निलंबित करके लाइन हाजिर किए गए हैं, इस मामले की एसपी के साथ-साथ विजिलेंस विभाग से भी उच्च स्तर पर जांच करने की मांग की है