ऊना के दुलैहड़ में अाग में जला घर का सामान
- फोटो : अमर उजाला
हरोली थाना के तहत गांव बीदड़वाल में हुए भीषण अग्निकांड में एक रिहायशी मकान आग की भेंट चढ़ गया। हादसे में पीड़ित परिवार को करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हादसे के दौरान दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर साथ लगते चार अन्य मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट होने से लगी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक बीदड़वाल निवासी जोगिंद्र सिंह के रिहायशी मकान में रविवार दोपहर अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जोगिंद्र के परिजनों और अन्य लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से एक से दूसरे कमरे में पहुंच गई। इससे घर में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। घटना में लैपटॉप, टीवी, फ्रिज, जेवरात सहित करीब 20 हजार रुपये की नकदी आग की भेंट चढ़ गई। मामले की सूचना दमकल विभाग को दी गई, जिस पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया तथा साथ लगते घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया। आग की घटना में पांच लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उधर, एसएचओ हरोली बिन्नी मिन्हास ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में आगामी छानबीन शुरू कर दी है।