लोगों ने प्रशासन से जल्द कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बडूही (ऊना)। ग्राम पंचायत बेहड़ जसवां के चक में बीती बुधवार रात कुछ हुड़दंगियों ने जमकर हंगामा मचाया। इससे पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। हुड़दंगियों ने अचानक सड़क पर वाहनों की आवाजाही को रोककर और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाकर स्थानीय लोगों को खौफ में डाल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हुड़दंगियों के चलते सड़क पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। इससे आसपास के इलाकों में भी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में करने के प्रयास किए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हुड़दंगियों को हिरासत में लिया व पूछताछ के बाद आगे के लिए ऐसा न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया। स्थानीय लोग इस घटना से सकते में हैं और उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इलाके में बढ़ती असुरक्षा के कारण लोग चिंतित हैं और सरकार से इस मामले में और सख्त कदम उठाने की अपील की है। थानेदार अंब गौरव भारद्वाज ने बताया कि हुड़दंगियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। अगर भविष्य में दोबारा कोई ऐसी शिकायत आती है तो कार्रवाई अमल में जाई जाएगी।