थानाकलां (ऊना)। डाक विभाग ऊना मंडल ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा में निबंध लेखन प्रतियोगिता करवाई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के मूल्यों को बढ़ावा देना था। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि राष्ट्र के विकास के लिए ईमानदारी सबसे बड़ा अस्त्र है और प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्य में निष्ठा बरते तो भ्रष्टाचार मुक्त भारत बन सकता है। निरीक्षक रजनीश शर्मा ने बताया कि यह सप्ताह 27 अक्तूबर से 2 नवंबर तक मनाया जा रहा है। प्रतियोगिता में कक्षा दसवीं की अंजलि प्रथम, गरिमा शर्मा द्वितीय और नवमीं की धैरवी सोनी तृतीय रहीं। विजेताओं को डाक विभाग की ओर से पुरस्कार दिए जाएंगे। विद्यालय प्रबंधक जोगिंद्र देव आर्य ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करते हैं।